चंडीगढ़: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि सेवा परमो धर्म है और समाज में जागृति लाने के लिए सेवा की भावना, संवेदना और संकल्प को मजबूत करना जरूरी है। ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ जिला स्तरीय कार्यक्रम बच्चों की कल्पनाओं, संवेदनाओं और विकसित भारत के प्रति उनके संकल्प को दर्शाता है। बच्चों की सोच और प्रतिभा को देखकर लगता है कि वर्ष 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को निर्धारित समय से पहले ही हासिल करने की दिशा में देश आगे बढ़ेगा।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा शनिवार को पानीपत के आर्य पीजी कॉलेज के सभागार में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। शिक्षा मंत्री ने शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई पोस्टर मेकिंग प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों व पोस्टरों की सराहना की। इस मौके पर उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने बच्चों की सोच और प्रतिभा की सराहना की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बच्चों में ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, संवेदना, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना विकसित करनी होगी। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने बताया कि जिले के करीब 900 स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिताएं करवाई गईं, जिनमें करीब 30 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया।