पंचकूलाः सेक्टर-6 में बच्चों से भरी स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई। घटना के दौरान बच्चों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। दरअसल, बेकाबू स्कूल बस ने 6 गाड़ियों को टक्कर मार दी। वहीं घटना को लेकर भारी मात्रा में लोग एकत्रित हो गए और हंगामा शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि बस अनियंत्रित होकर घरों के बाहर खड़ी कई गाड़ियों से टकरा गई।
हादसे में 6 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक और स्थानीय लोगों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई।
लोगों ने चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। स्थिति को बिगड़ता देख कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन गाड़ियों के मालिक नुकसान को लेकर काफी नाराज दिखाई दिए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, कई वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

