पंचकूलाः सीबीआई ने आईडीएफसी फर्स्ट बैंक फ्रॉड मामले में बडी कार्यवाही करते हुए हरियाणा स्टेट पल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के तत्कालीन वरिष्ठ लेखा अधिकारी प्रवीण कुमार को सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने कोर्ट से प्रवीण के 4 दिन रिमांड की मांग की थी, ले किन पंचकूला की विशेष कोर्ट ने 3 दिन का रिमांड मंजूर किया है। सीबीआई ने कोर्ट में दायर आवेदन में दावा किया है कि प्रवीन कुमार की भूमिका सरकारी धन को नियमों के विपरीत निवेश कराने, गुप्त बैंक खाता खुलवाने और शेल कंपनियों तक राशि पहुंचाने की साजिश में सामने आई है।
सीबीआई के अनुसार, प्रवीन कुमार HSPCB में सीनियर अकाउंट्स ऑफिसर और अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता थे। प्रवीण कुमार उस समय हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड में वरिष्ठ लेखा अधिकारी के पद पर कार्यरत थे और बाद में पदोन्नति के बाद उनकी तैनाती हरियाणा स्टेट इलेक्शन कमीशन में बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने उन्हें एक जुलाई 2026 को पूछताछ के लिए बुलाया था, जिसके बाद आज उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में इससे पहले सीबीआई पूर्व सदस्य सचिव और निलंबित आईएएस अधिकारी प्रदीप कुमार तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर सौरभ को भी गिरफ्तार कर चुकी है। सीबीआई जांच के अनुसार, यह मामला सरकारी फंडों की कथित हेराफेरी और आइडीएफसी फर्स्ट बैंक के माध्यम से किए गए वित्तीय अनियमित लेनदेन से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसी मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। आने वाले दिनों में कई अहम गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।


