संभलः मेरठ-बदायूं हाईवे पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बैलगाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में बैलगाड़ी सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बैलगाड़ी में जुते बैल ने भी दम तोड़ दिया।
धनीपुर गांव निवासी धीरेन्द्र करीब चार बजे अपने बेटे सुमित के साथ बैलगाड़ी लेकर किसी काम से जा रहे थे। उनकी बैलगाड़ी मेरठ-बदायूं हाईवे पर जुनावई कस्बे के समीप पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने अनियंत्रित होकर बैलगाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बैलगाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार धीरेन्द्र और सुमित सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस रोडवेज बस और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

