Girl in a jacket
HomeGovernment Newsबरसात से पहले सड़कें चकाचक होनी चाहिए, काम को लेकर बहाने नहीं...

बरसात से पहले सड़कें चकाचक होनी चाहिए, काम को लेकर बहाने नहीं चलेंगे”: रणबीर गंगवा

WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ: हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश की सड़कों पर सरकार की कार्यशैली दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी बरसात के मौसम से पहले सड़क मरम्मत, गड्ढा भराई एवं लंबित कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं ताकि जनता को राहत मिल सके और सड़कों पर आवागमन सुरक्षित बना रहे।

रणबीर गंगवा आज लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के वर्क प्रोग्राम, सड़क एवं पुल परियोजनाओं, गुणवत्ता नियंत्रण, “म्हारी सड़क” एप तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त सचिव हितेश कुमार मीणा, इंजीनियर इन चीफ योगेश मेहरा और इंजीनियर्स मौजूद थे। इसके अलावा सभी जिलों के सुपरीटेंडेंट इंजिनियर और एसडीओ तथा जेई वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे। मंत्री गंगवा ने जिलावार सभी से रिपोर्ट ली।

बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन कार्यों की गति धीमी है, उनमें तुरंत तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में प्राप्त बजट का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि विकास कार्यों में देरी से न केवल परियोजनाएं प्रभावित होती हैं बल्कि सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ भी बढ़ता है।

लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश में कई स्थानों पर सड़क के बीच अथवा किनारों पर लगे बिजली एवं अन्य विभागों के खंभे दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे खंभों को प्राथमिकता के आधार पर हटाने अथवा शिफ्ट करवाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने “म्हारी सड़क” एप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि धरातल पर परिणाम दिखाई देने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में 20 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सड़क एवं पुल परियोजनाओं की विशेष समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि बड़े प्रोजेक्ट्स की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। हरसेक परियोजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभाग की लैबों में निर्माण सामग्री की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि बिटुमेन सहित सभी सामग्री का उपयोग गुणवत्ता परीक्षण के बाद ही किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक माह सड़कों एवं प्लांट्स का निरीक्षण किया जाए और उसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाए। साथ ही कार्यों में देरी करने वाली एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि फील्ड में लापरवाही, अनुपस्थिति या कार्य में कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों और निर्देशों को गंभीरता से लिया जाए, क्योंकि वे जनता से सीधे जुड़े होते हैं और जमीनी स्तर की समस्याओं से भलीभांति परिचित रहते हैं।

 

- Advertisement -

Disclaimer

All news on Encounter India are computer generated and provided by third party sources, so read and verify carefully. Encounter India will not be responsible for any issues.

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -

Latest News

- Advertisement -
- Advertisement -