फतेहपुरः हथगाम थाना क्षेत्र के छिवलहा बाजार में शाम करीब 7:30 बजे दो सांडों की लड़ाई देखने को मिली। दरअसल, दोनों सांड आपस में लड़ते हुए सब्जी मंडी के सामने स्थित छेदीलाल कौशल की बर्तन की दुकान में घुस गए। इस दौरान दुकान में बैठे बुजुर्ग छेदीलाल और उनके नाती शिवम ने भागकर जान बचाई। घटना की वीडियो भी सामने आई है, जिसमें दोनों सांड लड़ते हुए दिखाई दे रहे है।
जानकारी के अनुसार, दोनों सांड काफी देर से बाजार में लड़ रहे थे। लड़ते हुए वे अचानक दुकान के अंदर घुस गए। सांडों को दुकान में घुसता देख आसपास के लोगों में भी हलचल मच गई। लोगों ने भागकर खुद को बचाया। सांडों के दुकान में घुसने और उत्पात मचाने से वहां रखे बर्तन इधर-उधर गिर गए। कई सामान टूट गए। दुकानदार छेदीलाल ने बताया कि इस घटना में हजारों रुपये के बर्तनों का नुकसान हुआ है।
अच्छी बात यह रही कि सांडों के दुकान में घुसने से पहले दुकानदार और उनका नाती बाहर निकल गए थे। इससे किसी को चोट नहीं लगी। दोनों सांड लड़ते हुए खुद ही दुकान से बाहर निकलकर बाजार की ओर भाग गए। घटना के बाद कुछ देर तक बाजार में लोग डरे हुए थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार में आवारा सांडों की परेशानी बढ़ रही है। सांडों के आपस में लड़ने से राहगीरों और दुकानदारों को खतरा बना रहता है।