जालंधर, ENS: पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा को ईडी की ओर से मोहाली में CLU (चेंज ऑफ लैंड यूज) की मंजूरियों से जुड़े दस्तावेज लेकर पेश होने के लिए समन किया गया है। इसी के चलते अनुराग वर्मा सुबह 11.07 बजे ईडी दफ्तर में पहुचे है और उन्होंने हाथ में दस्तावेज की फाइल पकड़ी थी। अनुराग वर्मा अपनी गाड़ी से उतरने के बाद सीधे ईडी दफ्तर में दाखिल हो गए, जहां ईडी के अधिकारी उनसे पूछताछ करेंगे। अनुराग वर्मा को पहले उन्हें 31 अगस्त को पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन वह पेश नहीं हो सके थे।
इसके बाद दोबारा समन जारी किया गया और समय आगे बढ़ाने के बाद अब 9 सितंबर को सुबह 10 बजे ईडी दफ्तर में बुलाया गया था। यह मामला मोहाली की ‘सनटेक सिटी’ और ‘अल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड’ के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। ईडी लगभग ₹348 करोड़ के इस बड़े घोटाले और इससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। हालांकि अनुराग वर्मा अभी रेवेन्यू डिपार्टमेंट में एडिशनल चीफ सेक्रेटरी के तौर पर तैनात हैं।
लेकिन जब ये कथित अनियमितताएं हुईं, तब वे हाउसिंग और अर्बन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के प्रमुख के तौर पर काम कर रहे थे। बता दें कि इससे पहले, ED ने अनुराग वर्मा को 7 सितंबर को पेश होने के लिए कहा था, जबकि उससे पहले उन्हें 31 अगस्त को पेश होने का समन भेजा गया था। हालांकि, वह उस दिन ED के सामने पेश नहीं हो पाए और ज़रूरी सरकारी दस्तावेज़ और रिकॉर्ड इकट्ठा करने के लिए जांच एजेंसी से और समय मांगा था। इस अनुरोध पर कार्रवाई करते हुए, ED ने 7 सितंबर की नई तारीख तय की थी, लेकिन अनुराग वर्मा उस दिन भी पेश नहीं हुए थे।