चित्रकूटः चित्रकूट जिले में बरगढ़ थाना क्षेत्र के बोझफार्म कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पागल कुत्ता स्कूल परिसर में घुस गया। स्कूल में घुसते ही कुत्ते बच्चों पर हमला कर दिया, जिससे बच्चे गंभीर घायल हो गए। जानकारी केे अनुसार बच्चे मिड-डे मील खा रहे थे। इस दौरान कुत्ते ने बच्चों पर हमला किया। बच्चों को जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
आपको बता दें विद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होता है। हमले में कक्षा दूसरी के छात्र श्याम और आंगनबाड़ी केंद्र की बच्ची जानवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने डंडों और पत्थरों की मदद से कुत्ते को वहां से भगा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों घायल बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
इस मामले में चित्रकूट की बेसिक शिक्षा अधिकारी रंजना शुक्ला ने बताया कि स्कूल परिसर में कुत्ते द्वारा दो बच्चों को काटने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि कुत्ता स्कूल परिसर में कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर चूक हुई, इसकी जांच के लिए एक टीम गठित कर दी है।
उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्यालय की बाउंड्री पर जाली लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए है।
