लुधियानाः कांग्रेसी नेता लक्की संधू में एक केस के चलते जेल में बंद है। उस पर कई संगीन धाराए लगी हुई है। बताया जा रहा है कि लक्की संधू ने जेल में बीमारी का बहाना बनाया। जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे चंडीगढ़ पीजीआई में चैकअप करवाने के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया। इस दौरान आरोप लगाए जा रहे है कि पुलिस के साथ मिलीभगत कर लक्की संधू लुधियाना के रायकोट एरिया में एक शादी में पहुंच गया। वहां वह अपने भाई के साथ वीडियो में डांस करता हुआ नजर आया। यहां उसने पंजाबी सिंगर अंग्रेज अली के गानों पर भांगड़ा डाला और पैसे उड़ाए।
लक्की संधू पर केस दर्ज करवाने वाले गुरवीर सिंह गारचा ने वीडियो के साथ शिकायत सीएम भगवंत मान, डीजीपी गौरव यादव और जेल प्रशासन को भेजी है। इसमें गुरवीर सिंह ने कहा कि उसके बयानों पर लक्की संधू के खिलाफ 2 केस दर्ज हैं। एक मोहाली में हनीट्रैप तो दूसरा लुधियाना के मॉडल टाउन थाने में धमकी देने का केस उसने दर्ज कराया हुआ है। वहीं जेल सुपरिंटेंडेंट शिवराज सिंह नंदगढ़ ने कहा कि लक्की संधू की रीढ़ की हड्डी में दिक्कत थी। डॉक्टरों के कहने पर उसे पीजीआई भेजा गया था। उसे यूरिन और शौच में भी दिक्कत आती थी। पीजीआई से आने के बाद वह शादी में चला गया। इस मामले में उन्होंने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर कुलदीप चहल को पत्र लिख दिया है। पुलिस के जो मुलाजिम उसे शादी में लेकर गए, उनके खिलाफ कार्रवाई पुलिस कमिश्नर के लेवल से ही की जाएगी।
