अमृतसरः अजनाला के गांव टेरा राजपूत के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब दो बच्चों के पिता की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव टेरा राजपूत के रहने वाले शिंदा सिंह के बेटे कुलजीत सिंह के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार कुलजीत सिंह मेहनत-मजदूरी करके घर लौट रहा था। इसी दौरान उस पर हमला हुआ, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अजनाला पुलिस स्टेशन के इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में परिवार ने आरोप लगाया है कि कल आरोपियों ने मृतक के बड़े भाई सत्ता सिंह की बेरहमी से पिटाई की थी, जबकि आज उसके छोटे भाई कुलजीत सिंह की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। उन्होंने मांग की कि आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
अजनाला पुलिस स्टेशन के इंचार्ज अजयपाल सिंह ने बताया कि गांव टेरा राजपूत में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है, जिसके तहत वे मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा रहे हैं और मामले की गहनता से जांच कर रहे है।