लुधियानाः जिल के जीवन नगर इलाके में शुक्रवार को एक्टिवा सवार युवक को तेज रफ्तार ट्राले ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कमलेश के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। जानकारी देते हुए मृतक के परिचित अखिलेश ने बताया कि कमलेश अपनी पत्नी जसविंदर को वरदान अस्पताल से लेने के लिए घर से निकला था। वह करीब शाम 4 बजे एक्टिवा लेकर निकला था। रास्ते में जीवन नगर के पास ट्राले की चपेट में आने से यह हादसा हो गया। अखिलेश के मुताबिक, कमलेश की करीब पांच महीने पहले ही शादी हुई थी।
वह चाय की दुकान पर काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। हादसे की जानकारी उसकी पत्नी जसविंदर को किसी व्यक्ति ने फोन करके दी। पत्नी ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। कमलेश की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि शादी को अभी पांच महीने ही हुए थे और परिवार ने भविष्य को लेकर कई सपने संजोए थे।
लेकिन सड़क हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। परिवार में मृतक के माता-पिता और एक बड़ा भाई है। जांच अधिकारी अमृतपाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और ट्राला चालक की पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया जाएगा।
