अमृतसरः जिले में काउंटर इंटेलिजेंस ने कार्रवाई करते हुए विदेशी हैंडलर्स और बब्बर खालसा इंटरनेशनल यानी बीकेआई से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस पार्टी ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अजय नामक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी अजय, राम स्वरूप का बेटा बताया जा रहा है और वह अजनाला के बाजीगर मोहल्ला का रहने वाला है। पुलिस ने उसे अन्य साथी सहित काबू किया।
तलाशी में दोनों आरोपियों के पास से 2 हैंड ग्रेनेड बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि बरामद किए गए ये हैंड ग्रेनेड किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा थे। आरोपियों की योजना पंजाब में सरकारी संस्थानों और इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाकर प्रदेश का माहौल खराब करने और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की थी। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
इस मामले में थाना एसएसओसी अमृतसर में धारा 61(2) बीएनएस और 4/5 एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी की जा रही है ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।
