फिरोजपुरः पंजाब में बाढ़ त्रासदी के बीच पुलिस अब पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई है। इसी के चलते एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने पीड़ित क्षेत्र का दौरा करते हुए एक गरीब परिवार के लिए घर बनवाने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि घर बनवाने का काम कल ही शुरू कर दिया जाएगा। दरअसल, पंजाब में आई बाढ़ में दियू गट्टी राजो का गांव पूरी तरह पानी में डूबा हुआ है। एसएसपी ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पंजाब पुलिस पूरी तरह तैयार है। चाहे कानून–व्यवस्था बनाए रखनी हो या बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचानी हो, पंजाब पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह लगे हुए हैं। बाढ़ से पूरी तरह प्रभावित परिवारों को जीवन और मौत की जंग लड़नी पड़ रही थी।
दरअसल, जिले में आई बाढ़ को लेकर पीड़ित ने एसएसपी से गुहार लगाई थी कि उनका घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे में टूटी छत पर तिरपाल डालकर पूरा परिवार रहने को मजबूर है। एसएसपी ने आज गांव में पहुंचकर पीड़ितों का दर्द जाना। एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने पीड़ित से कहा कि कल ही उसका मकान बनना शुरू हो जाएगा और सुबह से ही सामान पहुंच जाएगा। जिसके बाद कुछ ही दिनों में उसका घर फिर से खड़ा कर दिया जाएगा। एसएसपी ने कहा कि उन्होंने समाजसेवियों से भी अपील की है कि अधिक से अधिक बाढ़ पीड़ितों की मदद करें, क्योंकि इस त्रासदी से उबरना पीड़ितों के लिए बहुत कठिन है। ऐसे में एक-दूसरे की मदद से ही लोगों को राहत दी जा सकती है। उन्होंने लोगों को आगे आकर बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की अपील की है।
पूर्व सरपंच बलवीर सिंह ने कहा कि गांव वालों ने एक बार ही एसएसपी के पास मदद की गुहार लगाई थी। जिसके बाद उन्होंने तुरंत ही वहां आकर घटना स्थल का जायजा लिया। जिसके बाद गरीब परिवार का घर बनाने का उसे आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि एसएसपी ने परिवार को आश्वासन दिया है कि कल ही बज़री और रेत का सारा सामान पहुंच जाएगा और घर बनाने का काम भी शुरू हो जाएगा। जिस तरह हर कोई अपने स्तर पर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आ रहा है, पुलिस का यह प्रयास भी उचित है कि उन्होंने इतनी सख्त ड्यूटी के बावजूद भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं।