होशियारपुरः थाना सदर के अधीन पड़ते आनंदगढ़ गांव में 21 जुलाई को देर रात आप सरपंच 50 वर्षीय सतपाल मिंटू का बेरहमी से कत्ल कर दिया था। एसएसपी संदीप कुमार मलिक की अगुवाई में एक आरोपी को पहले गिरफ्तार कर लिया था। वहीं अब 3 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, परिवार की ओर से पुलिस को 48 घंटे का समय दिया गया था। चार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर परिवार का बयान सामने आया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा अभी तक मुख्य दो आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। ऐसे में मृतक के बेटे राहुल ने पुलिस को 4 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। परिवार का कहना हैकि अगर चार घंटे में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं तो वह चंडीगढ़-होशियारपुर बाईपास को बंद कर देंगे और धरना प्रदर्शन करेंगे। उधर, पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ चल रही है। वहीं फरार चल रहे अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएसपी संदीप कुमार मलिक ने बताया कि 21 जुलाई की रात सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सरपंच सतपाल मिंटू की हत्या को लेकर बेटे राहुल के बयान दर्ज कर आरोपी अनमोल उर्फ अंकू, अनमोलप्रीत सिंह उर्फ मौला उर्फ रमन, चरणजीत सिंह उर्फ ज्ञानी निवासी बस्सी बाहियां, अनमोल निवासी शांति नगर (होशियारपुर), पंकज पठानियां और विजय कुमार के खिलाफ धारा 103, 126 (2), 61 (2), 190, 191 (3) बीएनएस, 302, 341, 120-बी, 148, 149 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया गया था। ऐसे में अब तीन आरोपियों अनमोलप्रीत सिंह उर्फ मौला उर्फ रमन, अनमोल उर्फ अंकु और चरनजीत सिंह उर्फ ज्ञानी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जल्द दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

