गुरदासपुरः जिले के गांव नगल चोर में खेतों में लगाई गई धान की फ़सल को बर्बाद कर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया क़ब्ज़ा लेने पहुंची। बताया जा रहा हैकि यहां पर किसानों को पैसे नहीं दिए गए। वहीं पुलिस की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में किसान पहुंच गए है। जहां किसानों ने हाईवे अथॉरिटी का विरोध करना शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर भारी हंगामा शुरू हो गया है।
दरअसल, आज नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी पुलिस और प्रशासन के सहयोग से जिला गुरदासपुर के कस्बा श्री हरगोबिंदपुर के पास गांव नंगल झोर में किसानों की जमीन पर कब्जा करने पहुंच गए। किसानों का आरोप है कि पोकलेन और अन्य मशीनों के साथ कब्जा करने आए नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों ने उनके खेतों में लगी धान की फसल को तबाह करने के बाद कब्जा करने की कोशिश की। जब किसानों ने इसका विरोध शुरू किया तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज भी किया।
वहीं जमीन मालिक किसानों का कहना है कि यहां के किसानों को जमीन के पैसे सरकार की ओर से नहीं दिए गए हैं। मौके पर बड़ी संख्या में विभिन्न किसान जत्थेबंदियों के नेता पहुंचने लगे हैं और वरिष्ठ किसान नेता सुविंदर सिंह चुताला भी मौके पर आ गए हैं। किसानों की ओर से नेशनल हाईवे अथॉरिटी की मशीनों को वहां हिलने नहीं दिया जा रहा है। किसान नेता सुखविंदर सिंह ने कहा कि डिप्टी कमिश्नर और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई बार बैठक हुई है और प्रशासन ने माना है कि जिन जमीनों के पैसे दिए जा चुके हैं, उन्हीं पर कब्जा किया जाएगा, लेकिन प्रशासन अपनी बात से मुकर रहा है। किसानों की जमीन ही नहीं, फसल भी खराब की जा रही है।
उन्होंने कहा कि गांव नंगल झोर और चीमा खुड्डी की सीमा में लगभग 25-30 एकड़ जमीन है, जिस पर आज कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। डिप्टी कमिश्नर के कहने पर इस जमीन के अवॉर्ड पुनः मूल्यांकन के लिए सरकार को भेजे गए हैं, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से इस जमीन का एक भी पैसा नहीं दिया गया। जब तक जमीन के अवॉर्ड पर सहमति नहीं बनती, जमीन पर कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। जिन किसानों को पैसे मिल चुके हैं और जिन्होंने जमीन प्रशासन को सौंप दी है, उस जमीन पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी जो चाहे कर सकता है, लेकिन बिना पैसे दिए जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर के आपकी और प्रशासन की माहौल खराब करने की कोशिश करेंगे तो इसके जिम्मेदार आप होंगे।