गुरदासपुरः जिले के कन्वेंट लिटिल फ्लावर स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल भेजी गई है, जिसके बाद पुलिस द्वारा स्कूलों में चेकिंग अभियान चलाया गया। मिली जानकारी के अनुसार यह ईमेल खालिस्तान नेशनल आर्मी और बाबर खालसा परमार (कनाडा) की ओर से भेजी गई है। बता दें कि 6 महीने पहले भी गुरदासपुर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। वहीं अब 15 अगस्त को लेकर पुलिस मिल रहे किसी भी इनपुट को हलके में नहीं ले रही। ऐसे में सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आई।
वहीं घटना का पता चलने पर एसएसपी अदित्य ने टीम के साथ मिलकर खुद स्कूलों में चेकिंग अभियान चलाया। इस संबंधी जानकारी देते हुए एसएसपी आदित्य ने कहा कि सूचना मिलते ही डॉग स्क्वॉयड व बम स्क्वॉयड टीमों के साथ स्कूलों में चेकिंग अभियान चलाया गया है। स्कूलों के बाथरूम, क्लास रूम और छतों तक चेक किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। एसएसपी का कहना है कि पंजाब के वातावरण को खराब करने के लिए शरारती अंनसरों द्वारा ऐसी मेलें भेजी जा रही हैं।