होशियारपुरः मुकेरियां के गांव सल्लोवाल के रहने वाले नौजवान अर्जुन और उसकी पत्नी साक्षी ने 2 महीने पहले घर से भागकर माननीय हाईकोर्ट में जाकर शादी की थी। शादी के दो महीने बीत जाने के बाद भी यह प्रेमी जोड़ा अपने घर जाने को तरस रहा है। दोनों का कहना है कि यदि हम गांव गए तो लड़की के परिवार वाले हमारी जान ले लेंगे। मामले की जानकारी देते हुए साक्षी ने बताया कि मेरे घर वाले हमारी शादी के खिलाफ थे। कोर्ट में शादी करने के बाद मेरे पति अर्जुन के घर वालों के साथ मेरे परिवार द्वारा दो बार मारपीट की जा चुकी है।
इसकी शिकायत मुकेरियां अधीन पड़ते भंगाला पुलिस चौंकी में दर्ज करवाई जा चुकी है। वहीं साक्षी और अर्जुन ने बताया कि शादी के बाद हमें माननीय हाईकोर्ट ने पुलिस सुरक्षा प्रदान की थी, लेकिन जब हम दोनों पति-पत्नी भंगाला पुलिस चौंकी पहुंचे तो वहां चौंकी इंचार्ज ने हमारे साथ दुर्व्यवहार किया और सुरक्षा देने से मना कर दिया। ऐसे में तब से आज तक हम दोनों डर के मारे दर-दर भटक रहे हैं।
यदि हम अपने गांव वापस गए तो हमें पूरा यकीन है कि मेरे मायके परिवार वाले हम दोनों को जान से मार सकते हैं। अर्जुन और साक्षी ने एसएसपी होशियारपुर से सुरक्षा की मांग की है। वहीं जब मीडिया द्वारा यह मामला एसएसपी होशियारपुर संदीप मलिक के ध्यान में लाया गया तो एसएसपी साहब के तुरंत थाना मुकेरियां के एसएचओ प्रिंसपाल सिंह को प्रेमी जोड़े को सुरक्षा प्रदान करने के हुक्म दिए।
मौके पर पहुंचे एसएचओ मुकेरियां ने कड़ी सुरक्षा के साथ प्रेमी जोड़े को उनके घर तक पहुंचाया। वहीं इस मामले में एसएचओ मुकेरियां ने बताया कि दोनों पति पत्नी को सुरक्षित उनके घर पहुंचा दिया है और आगे भी उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। यदि कोई इन पति पत्नी को डराता या धमकाता है तो उसके खिलाफ सख्त कारवाही की जाएगी।
