लड़कियां पहले लोगों को फंसाती फिर फर्जी पुलिस वाले करते ब्लैकमेल
पटियालाः सीआईए पुलिस ने एक हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लड़कियों के माध्यम से लोगों को जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। पुलिस ने इस मामले में गिरोह की 4 युवतियां और 2 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह में शामिल चार युवतियां पहले लोगों से संपर्क करती थी और बातचीत के जरिए उन्हें अपने विश्वास में ले लेती थी। इसके बाद वे उन्हें किसी स्थान पर मिलने के लिए बुलाती थी। जब पीड़ित वहां पहुंचते, तो गिरोह के अन्य सदस्य खुद को पुलिस अधिकारी और सब-इंस्पेक्टर बताकर मौके पर पहुंच जाते थे।
आरोपी कथित तौर पर छापेमारी का नाटक करते थे और पीड़ितों की तस्वीरें व वीडियो बना लेते थे। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाता था। गिरोह पीड़ितों से 50 हजार रुपए से लेकर लाखों रुपए तक की रकम की मांग करता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी पुलिस पहचान पत्र और वर्दी का इस्तेमाल कर लोगों को डराते थे। सीआईए पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अब तक कितने लोग इस गिरोह का शिकार बने हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी ब्लैकमेलिंग की घटना की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

