चंडीगढ़/अमृतसर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब को नशा मुक्त प्रदेश बनाने के लिए चल रहे अभियान के दौरान महज एक हफ्ते के भीतर-भीतर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने चार व्यक्तियों को 20 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार करके सीमा पार से नशा तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान रोहन निवासी बाबा जीवन सिंह कॉलोनी (अमृतसर), दीपक बख्शी निवासी प्रताप बाजार (अमृतसर), ऋषभ कुमार निवासी गोल्डन एवेन्यू (अमृतसर) और ईशान बेदी निवासी न्यू रणजीत पुरा (अमृतसर) के रूप में हुई है। इस ताजा बरामदगी से सीआई अमृतसर ने महज एक हफ्ते में ही कुल 74 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। जिक्रयोग्य है कि इससे पहले 27 किलो, 10 किलो और 17 किलो हेरोइन की खेपें बरामद की गई थी।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि मुख्य जांच से पता चला है कि यह मॉड्यूल दुबई स्थित एक नशा तस्कर द्वारा अपने पंजाब-आधारित कार्यकर्ताओं और विदेशी तस्करों के तालमेल से चलाया जा रहा था। डी.जी.पी. ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए अगली जांच जारी है। इस संबंध में एफ.आई.आर. नंबर 61, दिनांक 23-09-2026 को एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में केस दर्ज किया गया है।