चंडीगढ़: पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने जल संसाधन विभाग की नहरी पटवार यूनियन के साथ बैठक की, जिसमें कर्मचारियों की सेवा-संबंधी मांगों और मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। विभाग के मुख्यालय में हुई बैठक के दौरान यूनियन के प्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री को नहरी पटवारियों द्वारा ड्यूटी निभाने के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
जल संसाधन मंत्री ने कर्मचारियों की समस्याओं को ध्यान से सुना और जायज़ तथा उचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और नियमों तथा सरकारी प्रावधानों के अनुसार उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
कैबिनेट मंत्री के समक्ष रखी गई सात प्रमुख मांगों में नहरी पटवारियों को टेक्निकल ग्रेड देना, नहरी पटवारियों के खिलाफ प्राप्त शिकायतों पर निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई करना, नहरी पटवारी से सहायक माल क्लर्क (ए.आर.सी.) के पदों पर जल्द से जल्द पदोन्नति करना, नहरी पटवारियों के तबादले उनके घरों के नज़दीक करना, नहरी पटवारियों के खाली पद तुरंत भरना, सहायक माल क्लर्क (ए.आर.सी.) के पद बढ़ाना और नहरी पटवारियों की सेवा-संबंधी लंबित मांगों का समयबद्ध निपटारा करना शामिल है।