लुधियानाः जिले में पंजाब पुलिस की आड़ में फर्जी महिला पुलिसकर्मियों द्वारा लोगों पर रौब जमाया जा रहा है। हाल ही में ट्रांसपोर्ट नगर में एक फर्जी पुलिस अधिकारी को गिरफ्तार किया था और थाना मोती नगर की पुलिस ने मामला दर्ज किया था। वहीं अब खन्ना के आनंद नगर की रहने वाली फर्जी महिला इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। मिली
जानकारी के अनुसार खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताकर लोगों को डरा-धमका रही थी।
आरोपी महिला की पहचान प्रिया निवासी आनंद नगर, खन्ना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रिया काफी समय से खुद को पुलिस कर्मचारी बताकर इलाके के लोगों पर रौब जमाती थी। मोहल्ले के निवासियों ने बताया कि वह अक्सर पुलिस की वर्दी पहनकर घूमती थी और खुद को इंस्पेक्टर बताकर लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां देती थी। प्रिया के व्यवहार से इलाके में डर का माहौल बना हुआ था और लोग परेशान थे। जिसके बाद मोहल्ला निवासियों ने एकजुट होकर खन्ना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रिया को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान उसके पास से इंस्पेक्टर रैंक की वर्दी भी बरामद हुई है। पुलिस के सीनियर अधिकारी इस मामले में जल्द खुलासा करेंगे। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी महिला ने अब तक कितने लोगों को खुद को पुलिस कर्मचारी बताकर डराया या धोखा दिया है।