लुधियानाः जिले के टिब्बा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते गोपाल नगर चौक में एक बाइक रिपेयरिंग की दुकान पर कुछ युवकों ने धावा बोल दिया। मिली जानकारी के अनुसार एक हजार रुपए के विवाद को लेकर गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। बताया जा रहा है कि बाइक सर्विस के बकाया 1000 रुपए मांगने पर ग्राहक ने अपने 8-10 साथियों के साथ मिलकर मैकेनिक को बेरहमी से पीटा। बदमाशों ने युवक को दुकान से बाहर गली में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और उसकी टी-शर्ट तक फाड़ दी।यहाँ पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया।
पीड़ित मैकेनिक तरुण ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 तारीख की सुबह करीब 11 बजे एक ग्राहक अपनी बाइक सर्विस के लिए उनकी दुकान पर देकर गया था। यह ग्राहक पहले भी दुकान से काम करवाता रहता था। तरुण के अनुसार जब बाइक सही हो गई तो उसने कुल 3500 रुपए का खर्च बताया। ग्राहक ने 2500 रुपए दे दिए लेकिन जब तरुण ने बाकी के 1000 रुपए मांगे तो वह बहस करने लगा। ग्राहक ने डाले गए स्पेयर पार्ट्स का बिल मांगना शुरू कर दिया। जब तरुण ने उसे समझाने की कोशिश की तो उसने अपने दोस्तों को बुला लिया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ग्राहक और उसके दोस्तों ने दुकान पर हमला कर दिया। उन्होंने तरुण को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। तरुण अपनी जान बचाने के लिए बाहर गली की तरफ भागा, लेकिन 8-10 लड़कों ने उसे सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और मारपीट के दौरान उसकी टी-शर्ट फाड़ दी। इस पूरी गुंडागर्दी का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है जिसमें बदमाश तरुण के पीछे भागते और उस पर हमला करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। तरुण ने बताया कि मारपीट में उसे चोटें आई हैं। उसने अपना मेडिकल करवा लिया है और इंसाफ के लिए टिब्बा पुलिस थाने में शिकायत भी दे दी है। पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट और घटना की सीसीटीवी फुटेज सौंप दी गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रही है।