अमृतसरः अमृतसर-तरनतारन रोड के पास स्थित चटीविंड गांव के पास नहर में दरार आने से आसपास के इलाकों में पानी घुस गया। सड़कों और रिहायशी इलाकों की ओर पानी बढ़ने की खबर मिलते ही प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंची है। इस बीच अमृतसर दक्षिण के विधायक इंदरबीर सिंह निज्जर भी हालात का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। विधायक निज्जर ने बताया कि ड्रिलिंग करके नहर के नीचे पाइप डालने का काम चल रहा था। इस प्रक्रिया के दौरान नहर में दरार आ गई, जिससे पानी पाइपों में घुसकर आबादी वाले इलाके की ओर बहने लगा। उन्होंने कहा कि हालात को काबू में लाने के लिए नहर में पानी का स्तर पहले ही कम कर दिया गया है और बहाव को धीमा करने के लिए इसे और कम किया जा रहा है।
इस मौके पर एल एंड टी, एडीसी, एसडीएम की टीमें और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद है। मिट्टी से भरी बोरियों को नहर में डालकर दरार को भरने की कोशिशें की जा रही है। इसके अलावा जालियां मंगवाई गई हैं; इन जालियों में बोरियों को सुरक्षित रखकर दरार वाली जगह पर लगाने की तैयारी की जा रही है। विधायक के अनुसार अभी तक किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन अगर दरार और बड़ी होती है तो नुकसान का खतरा है।
सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बताया कि तरनतारन रोड पर कोट मित्त सिंह पुल के पास और सुल्तानविंड इलाके में मौजूद पुराने पाइपों या कंड्यूट के ठीक से सील या बंद न होने के कारण पानी का रिसाव शुरू हो गया। विकास कार्यों के दौरान मिट्टी हटाने पर इन रास्तों से बड़ी मात्रा में पानी तेजी से बाहर निकलने लगा। गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि हालात को काबू में लाने के लिए प्रशासनिक टीमें, सरकार और स्थानीय निवासी मिलकर काम कर रहे हैं। पानी के बहाव को रोकने और दरार को भरने के लिए लगातार कोशिशें की जा रही है। फिलहाल प्रशासन नहर का जलस्तर कम करने और दरार को सील करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहा है, साथ ही हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।