लुधियानाः जिले के व्यस्त इलाके आरती चौक के नजदीक सत्यम अस्पताल रोड पर देर रात एक तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। करीब रात 1:30 बजे (तड़के) एक डस्टर कार बेकाबू होकर सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभे में जोरदार शॉर्ट-सर्किट हुआ और चिंगारियां निकलने के साथ ही पूरे मोहल्ले की बिजली गुल हो गई। इस हादसे की लाइव वीडियो वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि डस्टर कार काफी तेज गति से आ रही थी और बिना नियंत्रण के सीधे बिजली के खंभे में जा घुसी।
आसपास के लोगों के मुताबिक, हादसे के वक्त कार में सिर्फ एक ही नौजवान सवार था। टक्कर की आवाज सुनकर लोग तुरंत घरों से बाहर निकले और उन्होंने कार सवार युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चालक नौजवान ने भारी मात्रा में शराब पी रखी थी, जिसके कारण वह गाड़ी पर से संतुलन खो बैठा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। लोगों ने आरोपी चालक को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और बिजली विभाग को भी सूचित कर दिया गया है ताकि इलाके की बिजली बहाल की जा सके।
