लुधियानाः चंदन नगर स्थित भाटिया डेयरी के पास हादसा हो गया। जहां घर में खेल रही 3 वर्षीय बच्ची माचिस की तीली जलाते वक्त आग की चपेट में आ गई। घटना के दौरान बच्ची ने नायलॉन की फ्रॉक पहनी हुई थी, जिसने चंद सेकंड में ही आग ने बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। मासूम को बचाने की कोशिश में उसके पिता के हाथ भी बुरी तरह झुलस गए हैं। बच्ची के पिता सतपाल ने बताया कि वह काम से अचानक घर पहुंचे थे।
जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला सामने उनकी मासूम बेटी आग की लपटों में घिरी हुई तड़प रही थी। सतपाल ने बिना अपनी जान की परवाह किए नंगे हाथों से ही आग बुझाने की कोशिश की। इस दौरान उनकी उंगलियां और हाथ भी जल गए। सतपाल के मुताबिक अगर मैं दो मिनट की भी देरी कर देता, तो बच्ची की जान चली जाती। हैरान कर देने वाली बात यह है कि हादसा शाम 4 बजे हुआ, लेकिन बच्ची को रात 10 बजे के बाद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। करीब 6 घंटे तक मासूम दर्द से कराहती रही।
देरी की वजह पूछने पर मां ममता देवी ने कहा कि हम बहुत गरीब हैं। हमारे पास इलाज के लिए फूटी कौड़ी नहीं थी। मैं कोठियों में झाड़ू-पोछा करने गई थी। जब मालकिन को पता चला तो उन्होंने मदद की और अस्पताल ले जाने का इंतजाम किया। परिजनों ने पहले बच्ची को पास के ही एक लोकल डॉक्टर को दिखाया था, लेकिन बच्ची 60% तक झुलस चुकी थी। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे तुरंत बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी। फिलहाल बच्ची लुधियाना के सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
