हरिद्वारः हरिद्वार में हरियाणा की कार का एक कांवड़िए के साथ टक्कर होने का मामला सामने आया है, जिसमें कार की टक्कर से कांवड़िए की कांवड़ खंडित हो जाती है। जिसके बाद आसपास मौजूद लोग कार चालक को बाहर निकालकर पीटते है और उसकी गाड़ी पर डंडों से सभी शीशे तोड़ देते है।
वहीं कार चालक के साथ भी जमकर मारपीट करते है। इस दौरान एक युवक कार की छत पर चढ़ गया और उस पर कूद-कूदकर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया और पीछे का दरवाजा तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते पुलिस ने मामला दर्ज कर तोड़फोड़ करने के आरोपी स्थानीय युवक राजा उर्फ राजेश को गिरफ्तार कर लिया है।
एक अगस्त की रात लगभग 8:30 बजे रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित गोल्डन ढाबा फ्लाईओवर के पास ये हादसा हुआ। मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद का रहने वाला और वर्तमान में दिल्ली में रह रहा सोनू अपनी कार से गुजर रहा था। इसी दौरान कार की टक्कर लगने से एक स्थानीय कांवड़िए की कांवड़ खंडित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित कार ड्राइवर सोनू की लिखित शिकायत पर देर रात 12 बजे मंगलौर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते पुलिस ने स्थानीय युवक राजा उर्फ राजेश ( निवासी कमेलपुर, रुड़की) ने तोड़फोड़ और हंगामे में मुख्य भूमिका निभाई थी। पुलिस ने राजा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल 2-3 अन्य अज्ञात कांवड़ियों और युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
