सड़क पार कर रहे साइकिल सवार बुजुर्ग घायल
फगवाड़ाः लुधियाना-अमृतसर हाईवे पर सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां, जानकारी के मुताबिक लुधियाना की ओर से एक ट्रक और एक कार आ रहे थे। इसी दौरान ट्रक चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच ट्रक और कार की आपस में टक्कर हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
डायल-112 पुलिस टीम ने खुलवाया जाम
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया और ट्रैफिक को दोबारा सुचारु कराया। काफी देर की मशक्कत के बाद हाईवे पर लगा जाम खुलवाया गया और वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।
इससे पहले भी हुआ था एक और हादसा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसी जगह इससे पहले भी एक सड़क हादसा हुआ था। एक बाइक चालक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी थी। हादसे में बुजुर्ग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों मामलों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
कार चालक आया बयान
कार चालक गौरव ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ करनाल से श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने देखा कि आगे पहले से एक सड़क हादसा हुआ हुआ था, इसलिए वे सावधानी से अपनी कार को साइड से निकाल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की और लापरवाही से उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कार को नुकसान पहुंचा और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि हाईवे पर ओवरटेक करते समय पूरी सावधानी बरतें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

