जालंधरः जिले के गोराया इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। वहीं, गोराया के पास स्थित ढंडियन गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया और लाखों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए।
घर लौटने पर सामने आई चोरी
पीड़ित संदीप राम उर्फ सोनू ने बताया कि वह सुबह किसी निजी काम से गोराया गए हुए थे। जब वह वापस घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर के दरवाजे के ताले खुले हुए थे। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
3 तोला सोना और 20 हजार नकद ले गए चोर
संदीप राम के मुताबिक, जांच करने पर पता चला कि घर से करीब 3 तोला सोना और लगभग ₹20,000 नकद गायब थे। पीड़ित परिवार ने चोरी से हुए कुल नुकसान का अनुमान करीब 4 से 5 लाख रुपये के बीच लगाया है।
पुलिस से चोरों को जल्द पकड़ने की मांग
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से चोरों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। परिवार ने चोरी हुआ सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।
स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।