चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महेन्द्रगढ़ के लिए विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए करोड़ो रुपये की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने दुलोठ अहीर से सोहली राजस्थान बार्डर तक सड़क निर्माण के लिए 52 लाख 50 हजार की राशि देने की घोषणा की। इसी प्रकार सोहला और मांडोला में नहरी पानी के वाटर बॉडी परियोजना के लिए 15 करोड़ तथा देवावास, भगडाना, माजरा कलां व डैरोली जाट में नहरी पानी के वाटर बॉडी परियोजना के लिए 15 करोड, डुलाना से रेवाड़ी सड़क निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने वीरवार को महेंद्रगढ़ में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। नायब सिंह सैनी ने कहा कि जींद में जांगिड़ धर्मशाला व कुरुक्षेत्र में विश्वकर्मा कौशल भवन व छात्रावास के लिए एचएसवीपी के माध्यम से आवेदन करने पर नियमानुसार प्लॉट दिया जाएगा।

इसी प्रकार, महेन्द्रगढ़ विधानसभा के गांव सुरजनवास में 64 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बनने वाली आयुष डिस्पेंसरी का शिलान्यास किया। इसके अलावा, डालनवास गांव में 8 करोड़ 43 लाख 30 हजार की लागत बनने वाले 33 केवी सब स्टेशन, लावन गांव में 6 करोड़ 36 लाख 50 हजार की लागत से बनने वाले जलघर, महेन्द्रगढ शहर के ब्रह्मदेव चौक, माहीचान मोहल्ला व राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के पास जल भराव वाले स्थानों पर ड्रेनेज सिस्टम के लिए 12 करोड़ 80 लाख 40 हजार की परियोजना, महेन्द्रगढ शहर में सिवरेज सिस्टम के लिए 20 करोड़ 51 लाख 70 हजार की परियोजना, महेन्द्रगढ़ नगर पालिका के 4 करोड़ 36 लाख 87 हजार की लागत से बनने वाले नए भवन तथा महेन्द्रगढ़ किले के 8 करोड़ 83 लाख 98 हजार की लागत से होने वाले जीर्णोद्धार परियोजना का शिलान्यास किया। साथ ही, 26 करोड़ 37लाख की लागत से बनने वाले प्रदेश के 11 स्कूलों के नए भवनों के निर्माण और प्रदेश के 3396 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक एवं राजकीय उच्च विद्यालयों को 1-1 लाख रुपये प्रति विद्यालय की दर से 33 करोड़ 96 लाख रुपये की खेल अनुदान राशि भी जारी की।