जालंधर, ENS: थाना सदर नकोदर के अधीन आते गांव कोटला में सरकारी मिडिल स्कूल कोटला हेरां में दीवार पर खालिस्तानी नारे और प्रिंसिपल के दफ्तर के बाहर खालिस्तानी झंडा फहराया गया। दावा किया गया है। प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वीडियो में यह दावा किया। वहीं डीएसपी ओंकार बराड़ ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए इसकी सूचना मिली थी। जिसके बाद वह टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। जहां पुलिस ने गहनता से जांच की तो उन्हें स्कूल से झंडा बरामद नहीं हुआ है।
हालांकि दीवार पर खालिस्तानी जिंदाबाद के नारे लिखे पाए गए। इस मामले को लेकर दीवार पर कालिख पोतकर हटा दिया गया है। वहीं डीएसपी ने कहा कि शुरुआती जांच में कोई झंडा बरामद नहीं हुआ है, हालांकि सोशल मीडिया के जरिए वीडियो में झंडा दिखाया गया। डीएसपी ने कहाकि घटना को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहाकि 15 अगस्त को स्वतंत्रा दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है और सभी अधिकारियों द्वारा पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि गुरपतवंत पन्नू द्वारा वीडियो जारी की गई है, हालांकि वह वीडियो असली है या नकली इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।
मामले की गहनता से जांच की जा रही है, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि पन्नू ने कहा कि जिन लोगों पर लोहे की मुट्ठी से शासन किया गया हो, उन पर जबरन स्वतंत्रता का जश्न नहीं थोपा जा सकता। SFJ ने घटना का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें झंडा लहराता हुआ दिखाई दे रहा है। फिलहाल इस मामले में एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। वहीं 15 अगस्त से ठीक पहले हुई इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गए हैं। अभी पुलिस की तरफ से घटना की पुष्टि नहीं हो पाई है। पन्नू ने कहा कि पंजाब के सीएम भगवंत मान स्वतंत्रता दिवस पर जहां-जहां झंडा फहराएंगे वहां उनका विरोध किया जाएगा।