जालंधर, ENS: नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत लगातार पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। वहीं आज पुलिस सब डिवीजन शाहकोट द्वारा युद्ध नशों के विरुद्ध विशेष केस अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 5 चालू कच्ची शराब की भट्ठियां, 2600 लीटर लाहन (13 ड्रम) तथा 6,09,250 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की है। जानकारी देते हुए डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस द्वारा कासो अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना शाहकोट और थाना मेहतपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 9 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 5 मामले थाना शाहकोट में दर्ज हुए।
इन मामलों में दोषी अभी तक अज्ञात हैं। थाना मेहतपुर में दर्ज 4 मामलों के दौरान 4,91,250 मिलीलीटर अवैध शराब और 23 हजार की नगदी बरामद की। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि यह अभियान अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने की एक मुहिम है और ऐसी गतिविधियों के खिलाफ आने वाले दिनों में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।