फगवाड़ाः फगवाड़ा बसंत नगर स्थित झापर कॉलोनी में देर रात तीन युवकों ने एक घर की छत पर पेट्रोल बम फेंककर हमला कर दिया। हमले की घटना घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में तीनों युवक मुंह बांधे हुए नजर आ रहे हैं।
परिवार के सदस्यों रवि और विमला देवी ने बताया कि रात के समय परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उनकी छत पर पेट्रोल बम फेंक दिया। इससे छत पर पड़ी तारों में आग लग गई। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी परिवार को दी।
जब परिवार के सदस्य छत पर पहुंचे, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। परिवार ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर किस वजह से उनके घर को निशाना बनाया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते आग का पता नहीं चलता तो यह घर के अन्य हिस्सों तक भी आग फैल सकती थी। वहीं मोहल्ला निवासियों ने इलाके में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ-साथ पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
एसएचओ गुरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी को पहले ही मौके पर भेज दिया गया था। वह खुद भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच कर रहे है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।