जालंधर, ENS: रामामंडी फ्लाईओवर कैंट आर्मी गेट के पास सर्विस लाइन पर देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। मृतक की पहचान मुनीश के रूप में हुई है। घायल साथी दीपक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। दीपक ने बताया कि वह और मुनीश फगवाड़ा के नजदीक एक मरीज के घर पट्टी करने के लिए गए थे।
काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक पर वापस जालंधर लौट रहे थे। जब वे रामामंडी फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर पहुंचे तो पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को साइड मार दी। टक्कर लगने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान मुनीश ट्रक की चपेट में आ गया और ट्रक उसे कुचलता हुआ आगे निकल गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दीपक ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक काफी तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था और उसकी हालत देखकर ऐसा लग रहा था कि उसने नशा किया हुआ है। हादसे के तुरंत बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर थाना कैंट के एएसआई बलवंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम से रामामंडी फ्लाईओवर के पास ट्रक से हादसा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर एक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा घायल था और उपचार के लिए अस्पताल जा चुका था। एएसआई ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
