जालंधरः वेस्ट हलके के थाना 5 के अधीन आते मॉडल हाउस में आग लगने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार गुरु कृपा फर्नीचर हाउस की तीसरी मंजिल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया। घटना को लेकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर दमकल विभाग की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मामले की जानकारी देते हुए परमिंदर सिंह ने बताया कि आग दुकान की तीसरी मंजिल में लगी है।
भीषण आग में दुकान का काफी सामान जलकर राख हो गया। वहीं दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि उन्हें मॉडल हाउस में स्थित गुरु कृपा फर्नीचर हाउस में आग लगने की सूचना मिली थी। जिसके बाद वह तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में जुट गए। अधिकारी ने बताया कि 6 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। वहीं दुकानदार जनक राज भगत ने बताया कि वह इस मार्किट एसोसिएशन का मेंबर है। देर रात 9 बजे गुरु कृपा फर्नीचर की दुकान में अचानक तीसरी मंजिल में आग लग गई। जिसके बाद दुकानदारों द्वारा दमकल विभाग को सूचना दी गई।
इस दौरान तुरंत दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। वहीं पुलिस प्रशासन को फोन किया गया, लेकिन थाना 5 के प्रभारी का फोन बंद आ रहा था। जिसके बाद पता चला कि थाना प्रभारी बीमार है और उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। दुकानदार ने कहा कि लेकिन थाने के अन्य कर्मी फोन नहीं उठाया। जिसके बाद एसीपी और ए़़डिशनल एसएचओ ने फोन उठाया। लेकिन दमकल विभाग के कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। जिसके कारण आसपास की दुकान आग की चपेट में आने से बच गई। हालांकि इस घटना से गुरु कृपा की दुकान को काफी नुकसान हुआ है।
