चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बाढ़ सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए राज्य में बाढ़ रोकथाम और राहत ढांचे को मजबूत करने के लिए उन्नत एम्फीबियस मशीनों (पानी और जमीन दोनों पर चलने वाली) की खरीद को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि सरकार मानसून से पहले पूरी तैयारी में जुटी है ताकि भारी बारिश और बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। इन मशीनों का उपयोग नहरों और नालों की गहराई तक सफाई के लिए किया जाएगा, जिससे आपात स्थितियों में राहत कार्य तेजी और सुचारू रूप से चल सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ये आधुनिक मशीनें बहते पानी में भी प्रभावी ढंग से काम कर सकती हैं और बाढ़ रोकथाम में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने अपने फिनलैंड दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां इस तरह की मशीनों का सफल उपयोग किया जा रहा है। साथ ही, राज्य में खालों की सफाई, गाद निकालने और संवेदनशील इलाकों में विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि बाढ़ की स्थिति से निपटा जा सके।

पानी प्रबंधन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने भाखड़ा डैम के जल स्तर का हवाला दिया और धान की आगामी बुवाई को ध्यान में रखते हुए पानी छोड़ने की उचित योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 31 मई तक नए और पुराने खालों का काम पूरा हो जाएगा और सिंचाई के लिए अतिरिक्त पानी की जरूरत पड़ेगी। रोपड़ जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी विशेष कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को बाढ़ से राहत मिल सके।

