जालंधर, ENS: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब में बढ़ते नशे के खिलाफ 18 सितंबर 2026 से राज्यव्यापी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की शुरुआत की गई। इसी के चलते आज भगवान वाल्मीकि चौक के पास स्थित माँ कालिका नंदी कलेश्वर मंदिर में माथा टेकने के लिए पंजाब भाजपा प्रधान केवल ढिल्लों पहुंचे। जहां मंदिर में माता का आर्शीवाद लेने के बाद शुरू की गई मुहिम को लेकर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह खुद को सौभाग्यशाली मानते है। महामाई से वह पंजाब को खुशहाल रखने की अरदास की। उन्होंने कहाकि लोगों में यात्रा को लेकर काफी उत्साह है।
ऐसे में पंजाब में नशे की बड़ी समस्या को भाजपा खत्म करने में लगी है। कल केंद्रिय गृह मंत्री अमित शाह जालंधर दौरे पर आ रहे है। ऐसे में वह दोपहर 1 बजे तक जालंधर पहुंचेंगे और यात्रा में शामिल होंगे। इस दौरान केवल ढिल्लों ने रेड क्रॉस भवन की दीवारों पर भाजपा विरोधी लगे स्लोगन को लेकर चुप्पी साधी। वहीं एलपीयू में छात्रों के विवाद से भी वह दूर रहे।
बता दें कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा शुरू की गई ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ आज केंद्रीय मंत्री SP बघेल की अगुवाई में कपूरथला से शाहकोट होते हुए मेहतपुर पहुंची। मेहतपुर पहुंचने पर भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने केंद्रीय मंत्री SP बघेल का गर्मजोशी से स्वागत किया। जहां केंद्रीय मंत्री SP बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों से वादा किया है कि वर्ष 2029 तक न केवल पंजाब में बल्कि पूरे देश में नशीली दवाओं की समस्या को समाप्त करने के लिए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिस तरह देश में आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को नियंत्रण में लाया गया है, उसी तरह ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई को भी अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। बघेल ने कहा कि नशीली दवाओं की लत केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। इसलिए, युवाओं को ड्रग्स से दूर रखने और लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए इस तरह के दौरे आवश्यक हैं। भाजपा द्वारा शुरू की गई यात्रा पंजाब के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से होकर आगे बढ़ रही है। पार्टी के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य लोगों को ड्रग्स के खिलाफ संगठित करना और इस मुद्दे को एक जन आंदोलन में बदलना है। 30 सितंबर को जालंधर में एक कार्यक्रम के साथ यात्राओं का समापन होने वाला है।