चंडीगढ़: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि 4 व 5 जुलाई, 2026 को आयोजित करवाई गई हरियाणा अध्यापक पात्रता (एचटेट) परीक्षा-2025 के अभ्यर्थियों के लिए बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन (Biometric Verification) प्रक्रिया पूर्ण करना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने से पूर्व संबंधित अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन (Biometric Verification) प्रक्रिया पूर्ण किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 4 अक्तूबर, 2026 को प्रदेश के 22 जिलों में बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करवाने हेतु केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त अन्य राज्यों से संबंधित अभ्यर्थी अपने साथ लगते जिला मुख्यालय पर पहुंचकर अपनी बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करवा सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि विशेष परिस्थितियों में अभ्यर्थी 22 जिलों में स्थापित केन्द्रों में से किसी भी केन्द्र पर जाकर यह प्रक्रिया पूर्ण कर सकता है। अभ्यर्थी द्वारा अपना मूल प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) एवं मूल फोटो युक्त पहचान पत्र लेकर जाना अनिवार्य है। प्रदेश के 22 जिलों में जहां वेरीफिकेशन होनी है, उन विद्यालयों की सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है।