जालंधर, ENS: संत नगर फाटक के पास झाड़ियों और पेड़ों में आग लग गई। इस दौरान लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग के अधिकारी नरेश कुमार गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। जिसके बाद कड़ी मक्कशत करते हुए आग पर काबू पाया गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना का जायजा लिया गया।
दरअसल, घटना स्थल के पास ही रिहाइशी कॉलोनी और रेलवे अफसरों के निवास और रेस्ट हाउस हैं। लोगों ने बताया कि फाटक से निकलते हुए उन्होंने धुआं उठता देखा। देखते ही देखते आग भड़क गई। धुएं के चलते रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं दमकल विभाग के अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें फाटक के पास आग लगने की सूचना मिली थी। जिसके बाद वह तुरंत गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने देखा कि झाड़ियों और पेड़ों में आग लगी हुई थी। इस दौरान उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में लगाता है कि किसी ने सिगरेट या बीड़ी पीकर झाड़ियों की तरफ फैंक दी, जिससे आग लगी है। बता दें कि संत नगर फाटक से 200 मीटर की दूरी पर ही रेलवे स्टेशन का लोको शेड है। इसके बाद प्लेटफार्म शुरू हो जाते हैं। संत नगर फाटक से लेकर रेलवे स्टेशन पर पुराने और खंडहर हो चुके रेलवे क्वार्टरों और खाली जमीन पर बहुत से पेड़ और झाड़ियां हैं। आग ज्यादा भड़कती तो क्वार्टरों में नुकसान हो सकता था।
