जालंधर, ENS: पंजाब में सरकारी इमारतों और प्राइवेट स्कूलों को धमकी मिलने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। हाल ही में बीएसएफ चौक के पास एक्टिवा में एलईडी ब्लास्ट हुआ है। जिसके बाद पंजाब पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। लेकिन इस घटना के 2 दिन बीतने के बाद अब प्राइवेट स्कूल को धमकी मिली है। मिली जानकारी के अनुसार एपीजे स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस घटना को लेकर प्रशासन में हड़कंप मच गया।
उक्त धमकी ई-मेल के जरिए सविधान चौक (बीएमसी चौक) पर स्थित स्कूल को मिली है, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत एहतियातन बड़ा कदम उठाते हुए सभी छात्रों को छुट्टी देकर घर भेज दिया। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं। हालांकि अभी तक पुलिस जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
