जालंधरः सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नवदीप सिंह उर्फ रोजर के घर हुए हैंड ग्रेनेड अटैक के केस में एनकाउंटर में जख्मी सुखप्रीत सिंह सुक्खा और हार्दिक को सिविल अस्पताल से छुट्टी मिल गई। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने हार्दिक और सुक्खा को 3 दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है।
दूसरी ओर शिव नगर की रहने वाली लक्ष्मी, खांबड़ा के धीरज व संतोष पांडे को 5 दिन का रिमांड खत्म होने पर कोर्ट में पेश किया। उन्हें भी 3 दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया है। इससे पहले 8 मार्च को जंडू सिंघा में तीन पिस्टल देने वाला एएसआई का 21 साल का बेटा रोहित बसरा वासी गांव खिच्चीपुर पहले ही रिमांड पर चल रहा है।
एएसआई के बेटे को वेपन देने वाले लांबड़ा के गांव अली चक्क के गुंडे मनिंदर सिंह बॉबी की तलाश में सोमवार को दोआबा में रेड की गई, लेकिन वह देर रात तक पकड़ा नहीं गया। वहीं मामले में पकड़े गए पांडे और धीरज को शरन देने के मामले में पुलिस ने 2 और लोगों को काबू किया है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में आन रिकार्ड किसी की गिरफ्तारी नहीं दिखाई है।