चंडीगढ़ में आयोजित फेडरेशन कप में प्रदेश के खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
बद्दी, सचिन बैंसल : चंडीगढ़ में 17 से 19 जुलाई तक आयोजित फेडरेशन कप रोलर एवं इनलाइन हॉकी प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की रोलर हॉकी टीम ने उपविजेता (दूसरा स्थान) हासिल किया, जबकि इनलाइन हॉकी टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
इनलाइन हॉकी टीम में अजय, अमित, अनीश, माणिक, मोक्ष, जितेन्द्र, यशपाल, मंजू, शेरी और मयूर सहित खिलाड़ियों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। वहीं रोलर हॉकी टीम में कुणाल, चन्दन, अमरजोत, मनवीश, रोहन और पार्थ ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को दूसरा स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश रोलर स्केटिंग हॉकी एसोसिएशन के ट्रेजरर मिथुन राणा तथा जनरल सेक्रेटरी जतिन कुमार ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि प्रदेश लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि दयाकरण सिंह एवं रणजीत सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के लिए हॉकी जर्सियों का प्रायोजन (स्पॉन्सर) कर उनका उत्साहवर्धन किया, जिसके लिए एसोसिएशन ने उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही उम्मीद जताई कि भविष्य में भी खिलाड़ियों को इसी तरह सहयोग मिलता रहेगा, जिससे प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
