पंचकूलाः क्राइम ब्रांच-2 पंचकूला की टीम ने कार्रवाई करते हुए सेक्टर-15 बूथ मार्केट के पास से दो युवकों को अवैध देशी कट्टों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान चन्दन सिंह (20) निवासी रामदरबार, चंडीगढ़ तथा अरमान कुमार (19) निवासी राजीव कॉलोनी, पंचकूला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं, जिनमें से एक कट्टे से एक जिंदा रौंद भी बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार 16 अगस्त को क्राइम ब्रांच-2 की टीम को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक अवैध हथियारों के साथ सेक्टर-15 बूथ मार्केट के पास खाली मैदान के नजदीक सड़क पर खड़े हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर इंचार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों युवकों को काबू कर लिया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर चन्दन सिंह के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक जिंदा रौंद बरामद हुआ, जबकि अरमान कुमार के कब्जे से भी एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के पास बरामद हथियार रखने संबंधी कोई लाइसेंस अथवा परमिट नहीं था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत सेक्टर-14 थाना में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी तथा यह पता लगाया जाएगा कि उन्होंने अवैध हथियार कहां से खरीदे, इन हथियारों का इस्तेमाल किस वारदात के लिए किया जाना था और इस नेटवर्क में इनके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

