चंडीगढ़ः स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने तिरंगा फहराया। सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में वह संतरी रंग की पगड़ी पहनकर पहुंचे। अपने संबोधन में कटारिया ने कहा कि पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि नशा तस्करी में शामिल 70 हजार लोगों को जेल भेजा गया है। कटारिया ने कहा कि नशे के खिलाफ यह जंग आगे भी जारी रहेगी। प्रशासक ने कहा कि जीरकपुर में लगने वाले ट्रैफिक जाम से जल्द राहत दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
लोग कई-कई घंटे जाम में फंसे रहते हैं, इसलिए इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी किए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान बच्चों ने देश की संस्कृति और विभिन्न राज्यों की झलक पेश करते हुए नृत्य व अन्य प्रस्तुतियां दीं। प्रशासन ने मंच व्यवस्था, कार्यक्रमों के समय, प्रतिभागियों के बीच तालमेल और प्रस्तुतियों के क्रम की भी जांच की। रिहर्सल के दौरान चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत कुमार यादव भी मौके पर मौजूद रहे।
उन्होंने अधिकारियों के साथ समारोह स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, यातायात, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही लोगों के प्रवेश और बैठने की व्यवस्था भी जांची। सेक्टर-22-ए मार्केट में दुकानों के सामने सुबह 6:30 बजे से समारोह समाप्त होने तक आम लोगों के वाहनों की पार्किंग पर रोक रहेगी। पार्किंग पास वाले विशेष अतिथि सेक्टर-16/17/22/23 गोलचक्कर से उद्योग पथ होते हुए परेड ग्राउंड पहुंच सकेंगे। उनके वाहनों की पार्किंग सेक्टर-22-ए मार्केट के सामने निर्धारित की गई है।
