खगड़िया: मानसी थाना क्षेत्र में NH-31 पर अनिल होटल के सामने शनिवार की अहले सुबह करीब 3 बजे एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस में करीब 50 से 60 तीर्थयात्री सवार थे। धुआं और आग की लपटें उठते ही सभी यात्री समय रहते बस से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग तेजी से पूरी बस में फैल गई और कुछ ही देर में बस का अधिकांश हिस्सा जल गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यात्रियों से भरी ब स में लगी आ ग, म ची अ फ रा-त फ री pic.twitter.com/dPvBXQmHEs
— Encounter News (@encounternews2) September 26, 2026
बस में आग लगने के कारण का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मानसी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। बस में सवार यात्री सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें गैस लीक होने का शक हुआ था। इसके बाद यात्रियों को बस से नीचे उतारा गया। कुछ ही देर बाद सिलेंडरों में विस्फोट होने लगे और बस में आग फैल गई। मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर सीएनजी रिसाव की आशंका सामने आई है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। बताया गया कि बस में सवार यात्री नेपाल से गया जी में आयोजित पितृपक्ष मेले में शामिल होने जा रहे थे। घटना के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है।