बंगाणा,सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा की रेंजर-रोवर इकाई द्वारा सोमवार को महाविद्यालय परिसर में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रेंजर-रोवर इकाई की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं गतिविधियों से संबंधित जानकारी का आकलन करना था। यह प्रवेश परीक्षा स्टेट ट्रेनिंग सेंटर, रिवालसर में आयोजित होने वाले ‘निपुण’ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों की पात्रता परीक्षा के रूप में भी आयोजित की गई। परीक्षा का आयोजन रेंजर इंचार्ज प्रो. निकिता के मार्गदर्शन में किया गया।
प्रवेश परीक्षा में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रेंजर-रोवर गतिविधियों के प्रति अपनी रुचि एवं जागरूकता का परिचय दिया। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा रेंजर-रोवर आंदोलन की मूल भावना के प्रति उनकी समझ का आकलन किया गया। इस अवसर पर प्रो. निकिता ने विद्यार्थियों को रेंजर-रोवर इकाई के उद्देश्यों एवं सामाजिक सेवा, अनुशासन, नेतृत्व विकास तथा व्यक्तित्व निर्माण में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि रेंजर-रोवर जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सेवा भाव, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी रेंजर-रोवर की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।