आगराः करीब 30 साल की महिला की उसके पिता द्वारा पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। इस काम में उनका साथ महिला के पति और देवर ने भी दिया। मायके में हत्या के बाद रात में लाश को बाइक पर लादकर सड़क किनारे फेंक दिया। शनिवार को महिला की लाश मिली। डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा ने बताया कि खेरागढ़ के गांव भोपुर में महिला की लाश मिली थी। पुलिस टीम ने आसपास के थानों में महिला का फोटो भेजा। तब मृतका की शिनाख्त सुनीता निवासी धौलपुर के गांव बसई नवाब के रूप में हुई।
जानकारी देते हुए मृतका की बहन पूजा ने बताया कि वो 3 बहन हैं। तीनों बहनों की शादी 2010 में खेरागढ़ के बरबर गांव में हुई थी। सुनीता का पति पवन उसके साथ मारपीट करता था। ऐसे में वो उसके साथ रहना नहीं चाहती थी। सुनीता अपने पति के चचेरे भाई विष्णु से प्यार करती थी। वो दोनों शादी करना चाहते थे। 29 मई को सुनीता को मैं अपने घर यानी उसके मायके धौलपुर छोड़कर आई थी। 30 मई की रात 11 बजे सुनीता ने प्रेमी विष्णु के पास फोन किया। सुनीता ने विष्णु से कहा- मेरे पिता और पति मुझे जान से मार देंगे। कैसे भी मुझे बचा लो। इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। बहन ने कहा कि 31 मई को मैं जब अपने मायके पहुंची तो मां ने बताया कि तेरे पिता और सुनीता के पति पवन, उसके देवर जल सिंह ने मिलकर रात में सुनीता की हत्या कर दी।
एसीपी खेरागढ़ इमरान अहमद ने बताया कि घटनास्थल धौलपुर का था, ऐसे में वहां की पुलिस से बात कर मामला वहीं पर ट्रांसफर कर दिया। वहां पर मुकदमा दर्ज हो गया है। तीनों आरोपी भी पकड़ लिए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।