सीकरः जिले के फतेहपुर सदर थाना इलाके के गोड़ियां बड़ा गांव में एक किसान ने फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। किसान ने अपने ही खेत के पेड़ में फंदा लगाकर खुद की जीवनलीला समाप्त कर ली। सुबह जब शव को पेड़ पर लटका हुआ देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। फिलहाल शव को धानुका अस्पताल की मोर्च्यूरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक, मृतक सोहनलाल छबरवाल (42) पुत्र शैतान निवासी गोड़ियां बड़ा पहले विदेश में नौकरी करता था। साल डेढ़ साल पहले वह वापस आ गया था और फिर यहां रहकर खेती-किसानी का काम करने लगा था। सोहनलाल के 2 बेटियां हैं। बीती रात वह खाना खाकर सो गया था और घरवाले भी आम दिनों की तरह ही खाना खाकर सो गए, लेकिन सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो सामने उनके खेत में पिता की लाश पेड़ से लटक रही थी जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की तह तक जांच में जुटी है।
