ऊना पुलिस सख्त, वाहन जब्ती के साथ चालक के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना पुलिस ने बिना नंबर प्लेट अथवा स्पष्ट नंबर प्लेट के बिना सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 21 से 27 सितंबर तक विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामेठ के निर्देश पर चलने वाले इस अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट पाए जाने वाले वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान यदि कोई वाहन बिना नंबर प्लेट पाया गया तो वाहन को मौके पर ही कब्जे में लिया जा सकता है और चालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या बहानेबाजी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
एसपी ऊना सचिन हीरामेठ ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगाएं और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का यह अभियान सड़क सुरक्षा के साथ-साथ संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर निगरानी मजबूत करने के उद्देश्य से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस का संदेश साफ है—नंबर प्लेट नहीं तो सड़क पर वाहन नहीं।