ऊना/सुशील पंडित: दिल्ली में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर की गई दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर जिला कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति दर्ज की है। शुक्रवार को विश्राम गृह ऊना में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम ने इस पूरे घटनाक्रम को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करार देते हुए केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। देशराज गौतम ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराना प्रत्येक नागरिक और संगठन का संवैधानिक अधिकार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एआई इंपैक्ट समिट के दौरान नीतिगत मुद्दों को लेकर शांतिपूर्वक अपना विरोध दर्ज करा रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने केंद्र सरकार के इशारे पर उनके साथ कठोर व्यवहार किया। गौतम के अनुसार यह कार्रवाई न केवल अनावश्यक थी, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार की अमेरिका के साथ हो रही कथित डील का विरोध कर रही है और इसी क्रम में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी आवाज उठाई थी। उनका कहना था कि असहमति को दबाने की यह प्रवृत्ति लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है। देशराज गौतम ने कहा कि अधिकारियों को अपने संवैधानिक दायरे में रहकर निष्पक्ष रूप से कार्य करना चाहिए। यदि पुलिस या प्रशासनिक तंत्र राजनीतिक दबाव में आकर कार्रवाई करता है, तो इससे जनता के बीच गलत संदेश जाता है और संस्थाओं की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगते हैं।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में आने वाले प्रत्येक पर्यटक और नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मौजूदा प्रदेश सरकार इस दिशा में सक्रिय है और संबंधित स्तर पर जो प्रयास किए गए, वे सराहनीय हैं। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का उदाहरण देते हुए गौतम ने कहा कि उनके कार्यकाल में भी विभिन्न मुद्दों पर विरोध-प्रदर्शन होते रहे, लेकिन कभी भी प्रदर्शनकारियों को देशविरोधी करार नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान दौर में असहमति जताने वालों को देशद्रोही बताने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा और निष्पक्षता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और यदि भविष्य में भी इस प्रकार की घटनाएं सामने आती हैं तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश पराशर, रविन्द्र सहोड़ , डा• रविन्द्र , सुरिंदर कंवर , तिलक राज सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।