ऊना, सुशील पंडित : जिला ऊना के पुलिस थाना हरोली के तहत गांव पोलियाँबीत में दो भाइयों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी मारपीट की घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत अलग-अलग अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रथम पक्ष के शिकायतकर्ता सुरिन्द्र सिंह पुत्र स्व. किशन सिंह निवासी पोलियाँबीत, तहसील हरोली, जिला ऊना ने आरोप लगाया कि 5 अगस्त 2026 को रात करीब 8:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई हुसन सिंह बिना किसी कारण उसके घर आया और गाली-गलौच करते हुए हाथ में पकड़ी लाठी से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं।
वहीं दूसरे पक्ष के हुसन सिंह पुत्र स्व. किशन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह उसी रात खेतों की देखरेख के लिए जा रहा था। रास्ते में उसने अपने छोटे भाई सुरिन्द्र सिंह से पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत की। आरोप है कि इसी दौरान सुरिन्द्र सिंह ने उसे रोककर गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी। हुसन सिंह का यह भी आरोप है कि सुरिन्द्र सिंह की पत्नी शुभलता ने वहां रखी लकड़ी से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसे चोटें आईं। पुलिस थाना हरोली ने दोनों शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण करवाया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।